Kanke, Ranchi, Jharkhand

( A State Government University )

किसान मेला में दुसरे दिन महिला कृषक गोष्ठी आयोजित

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित एग्रोटेक किसान मेला में आयोजित महिला कृषक गोष्ठी में राज्य के सभी कोनों से पहुंची हजारों महिला कृषक शामिल हुई। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि रांची की पूर्व महापौर रमा खलखो ने महिला किसानों के सशक्तिकरण के लिए तकनीकी कौशल का विकास एवं ज्ञानवर्धन तथा प्रोत्साहन की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य के कृषि क्षेत्र में महिलाएं सभी कृषि कार्यो को कर रही है। कृषक महिलाओं को कृषि तकनीकी में सक्षम बनाना होगा। सरकार अनेकों कृषि गत योजनाओं में महिलाओं को 75 से 90 प्रतिशत अनुदान देती है। जानकारी एवं तकनीकी ज्ञान के आभाव में महिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाती हैं। महिलाओं को कृषि तकनीकी में शिक्षित कर गांवों की समृद्धि और राज्य का तेजी से विकास होगा।

गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने कृषि में महिलाओं की बढती रूचि को देखते हुए मेला में महिला किसानोपयोगी अनेकों तकनीकों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने महिला किसानों को मेला में सभी कृषि तकनीकी का बारीकी से जानकारी लेने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर सदस्य जिला पार्षद, रांची किरण देवी और सदस्य जिला पार्षद, पुर्वी सिंहभूम पार्वती देवी ने राज्य कृषि में महिलाओं का योगदान एवं संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मौके पर  जामताडा की महिला किसान पुष्पा कुजूर ने सब्जी की खेती से फूलों विशेषकर जरबेरा की खेती और शिमला मिर्च एवं टमाटर की सफल खेती से अवगत कराया। बीबीए डिग्री धारी रांची की महिला उद्यमी रौशनी खलखो ने अपनी महिंद्रा सनराइजिंग कंपनी स्थापित करने के अनुभवों को साझा किया। बताया कि करीब 200 एकड़ में करीब तीन वर्षो से औषधिय एवं सगंधित फसलों की सफल खेती और इसके उत्पाद से राज्य के 4 जिलों में आपूर्ति से बढ़िया कमाई हो रही है।

गोष्ठी में महिला कृषि विशेषज्ञ डॉ मनिगोपा चक्रवर्ती, डॉ रेखा सिन्हा, डॉ आरती बिना एक्का एवं डॉ स्वाती सहाय ने कृषि क्षेत्र में महिलाओं के लिए विकसित एवं नवीनतम तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

पशु-पक्षी प्रदर्शनी का शुभारंभ : किसान मेला में दुसरे दिन खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने फीता काटकर पशु-पक्षी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। मौके उन्होंने प्रदर्शित पशुओं एवं पक्षियों का अवलोकन किया और प्रतिभागी किसानों से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर आयोजित समारोह में विधायक राजेश कच्छप ने झारखंड के कम जोत वाले किसानों को न्यूनतम एक जोड़ी गाय का पालन करने पर बल दिया।

मौके पर कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह, डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद तथा डीन पीजी डॉ एमके गुप्ता ने प्रदेश में पशुपालन क्षेत्र की महत्ता पर प्रकाश डाला। धन्यवाद डॉ एके पांडे ने दिया। समारोह का संचालन रेडियो हरियाली समन्यवयक शशि सिंह ने की।

किसानों को किया गया सम्मानित : मेला में कृषि कार्यो में उत्कृष्ट कार्य के लिए बिरसा किसानों में खुर्शीद अनवर हादी (गिरिडीह), पूनम तिर्की (रांची), अचीनत्या विश्वास (जामताड़ा), हरी बोबोंगा (चाईबासा), किशोर कुजूर (गुमला), संतोष उरांव (रांची) को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। मिलेट फसल मडुआ (रागी) का उत्कृष्ट उत्पादन के लिए खूंटी जिला के कर्रा प्रखंड स्थित गोविन्दपुर गांव के महिला किसान शिलवंती मुंडू को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।