कांके स्थित अनीता गर्ल्स हाईस्कूल के करीब 710 छात्राओं के दल ने मंगलवार को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) का शैक्षणिक भ्रमण किया। बीएयू परिसर में दल ने कृषि संकाय स्थित कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय और मुख्यालय स्थित कृषि तकनीकी पार्क का अवलोकन किया।
कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय में एसोसिएट डीन ई डीके रूसिया ने छात्राओं को आधुनिक कृषि में उन्नत कृषि यंत्र की उपयोगिता और कृषि अभियंत्रण शिक्षा का महत्त्व एवं बदलते कृषि परिवेश में बढती संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्नत कृषि यंत्र एवं मशीनरी से 30 से 35 प्रतिशत तक खेती लागत कम की जा सकती है।
प्रदेश के कृषि कार्य में बहुतायत महिलाओं की भूमिका होती है। भ्रमण में शामिल बहुतायत बालिकाएं ग्रामीण परिवेश से जुड़ी है। इनके लिए आधुनिक कृषि तकनीकी से अवगत कराने का प्रयास सराहनीय कदम है। कृषि अभियंत्रण शिक्षा से जुड़कर छात्राएं प्रदेश के कृषि विकास में अग्रिम योगदान दे सकती है।
छात्राओं के दल ने महाविद्यालय अधीन कार्यरत कृषि यंत्र एवं कृषि शक्ति अभियांत्रिकी, खाद्य एवं प्रसंस्करण अभियांत्रिकी, नवीकरण उर्जा अभियांत्रिकी, मृदा एवं जल संरक्षण अभियांत्रिकी, सिंचाई एवं जल निकास अभियांत्रिकी एवं मुलभुत अभियांत्रिकी विभागों और कृषि यंत्र व मशीनरी म्यूजियम का भ्रमण किया। मौके पर फैकल्टी डॉ उत्तम कुमार, डॉ छाया, डॉ वंदना एवं डॉ अल्पना ने छात्राओं को विभिन्न विषयों की मौलिक तकनीकी जानकारी दी।
दल ने बीएयू मुख्यालय समीप कृषि तकनीकी फार्म का भी अवलोकन किया। इस दौरान छात्राओं को पार्क में प्रदर्शित बीएयू वैज्ञानिकों द्वारा विकसित मक्का एवं तीसी के उन्नत प्रभेद की तकनीकी, चना एवं मटर की उन्नत तकनीकी, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती और परंपरागत खेती तकनीकी के बारे में बताया गया।
छात्राओं के दल में अनीता गर्ल्स स्कूल की वर्ग 7 से वर्ग 10 तक की छात्राएं शामिल थी। छात्राओं को सिस्टर रजनी कंचन कुजूर, सिस्टर वृगित कुजूर, मंजुला तिर्की, एनिमा किंडू, सरोजनी कुजूर, कन्हाई महतो, सुनील कुमार, अलोक मिंज एवं जय कृष्णा द्विवेदी सहित 18 शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के दल ने सहयोग प्रदान किया।