झारखंड की राजधानी रांची से सटे कांके स्थित बिरसा कृषि विवि में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अधीन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की गयी। इसके तहत बीएयू के कृषि एवं वानिकी संकाय के विद्यार्थियों ने 13 अगस्त की सुबह प्रभात फेरी निकाली।
प्रभात फेरी विवि मुख्यालय से कृषि संकाय स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल तक निकाली। इसमें विवि की सुरक्षा में जुड़े पुरुष और महिला जवान भी शामिल हुए। इस दौरान छात्रों ने हमारा तिरंगा हमारी शान, महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, सरदार पटेल, जवाहर लाल नेहरु, भगवान बिरसा मुंडा, अटल बिहारी बाजपेयी आदि अमर रहे के नारे लगाए। लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने की पहल की।
कार्यक्रम का नेतृत्व निदेशक छात्र कल्याण डॉ बीके अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ अग्रवाल ने कहा कि आजादी के 76वें वर्ष के दौरान एक राष्ट्र के रूप में तिरंगे झंडे को सामूहिक रूप से घर पर लाने का प्रयास ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। तिरंगा हमारी राष्ट्रीय शान है। तिरंगा न केवल भारत के हर एक नागरिक से व्यक्तिगत संबंध का प्रतीक है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण में हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
एनएसएस को-ऑर्डिनेटर डॉ बीके झा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की पहल लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जागृत करने और भारत के राष्ट्रीय झंडे के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए की गई है। इस अभियान के तहत विवि छात्रों के द्वारा सोमवार को प्रातः 11 बजे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल से हर घर तिरंगा रैली निकाली जायेगी। अपराहन 3 बजे कृषि संकाय प्रेक्षागृह में स्वतंत्रता आंदोलन एवं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्रों द्वारा प्रस्तुत किये जायेंगे।
मौके पर वार्डन डॉ नीरज कुमार एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी डॉ अरुण कुमार तिवारी ने भी अपने विचार रखें। कार्यक्रम में डॉ आरपी मांझी, डॉ सीएस महतो, डॉ जय कुमार, एस जयसवाल आदि भी शामिल हुए।
कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने अपने संदेश में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ को भारत के लोगों की आशा और आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व बताया। कहा कि यह हमारे राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति देश के सभी नागरिकों में सार्वभौमिक स्नेह, सम्मान तथा निष्ठा होनी चाहिए। भारत के लोगों की भावनाओं और मानस में राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ का एक अद्वितीय और विशेष स्थान है।